मैनपुरी। जनपद मैनपुरी के बरनाहल थाना क्षेत्र के फूलापुर गांव में सोमवार देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। अज्ञात बदमाशों ने एक घर में घुसकर पति-पत्नी की सिर में गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी और वारदात को अंजाम देने के बाद घर का मुख्य गेट बाहर से बंद कर फरार हो गए। इस दोहरे हत्याकांड से गांव में दहशत का माहौल है, वहीं परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, क्योंकि मृत दंपति के छोटे बेटे की शादी 18 फरवरी को तय थी।
मंगलवार सुबह जब काफी देर तक घर का दरवाजा नहीं खुला तो ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई। आसपास के लोगों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद कुछ ग्रामीण दीवार पर चढ़कर अंदर झांके तो आंगन में खून फैला देखकर उनके होश उड़ गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मेन गेट को धक्का देकर खोला। अंदर का मंजर बेहद भयावह था। महिला का शव चारपाई पर खून से लथपथ पड़ा था, जबकि पति का शव आंगन में तख्त पर मिला। पूरे घर में सामान बिखरा हुआ था, जिससे लूट के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मृतकों की पहचान फूलापुर गांव निवासी महेश चंद्र शाक्य (63) और उनकी पत्नी अनीता देवी (60) के रूप में हुई है। दोनों करीब 2000 स्क्वायर फीट क्षेत्रफल के पक्के मकान में रहते थे। महेश के दो बेटे ललित और अंकित नोएडा में रहकर कैब चलाते हैं और बाहर रहते हैं। घटना के समय घर में केवल महेश और उनकी पत्नी ही मौजूद थे।
मृतक के भाई राम लखन ने बताया कि सोमवार रात बदमाशों ने घर में घुसकर सोते समय दोनों के माथे पर सटाकर गोली मार दी। हैरानी की बात यह रही कि किसी ने फायरिंग की आवाज तक नहीं सुनी। घर से कुछ शादी का सामान भी गायब मिला है। बताया गया कि छोटे बेटे की शादी की तैयारियां जोरों पर थीं और बहू के लिए जेवरात भी खरीद लिए गए थे। ऐसे में लूट के इरादे से हत्या किए जाने की आशंका गहराती जा रही है।
डबल मर्डर की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद शाहा, अपर पुलिस अधीक्षक राहुल मिठास और क्षेत्राधिकारी अजय चौहान मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अहम साक्ष्य जुटाए। दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री प्रेम सिंह शाक्य भी घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को जल्द से जल्द मामले के खुलासे के निर्देश दिए।
एसपी गणेश प्रसाद शाहा ने बताया कि प्रथम दृष्टया दोनों की सिर में गोली मारकर हत्या की गई है। घटना के खुलासे के लिए कई विशेष पुलिस टीमें गठित की गई हैं। फोरेंसिक रिपोर्ट, कॉल डिटेल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच तेज कर दी गई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।













