वाराणसी। उत्तर प्रदेश सरकार में आयुष मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की मोदी–योगी सरकार समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के संकल्प के साथ काम कर रही है। सरकार का स्पष्ट लक्ष्य है कि कोई भी गरीब, जरूरतमंद या पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार भेदभाव रहित और समरस समाज की स्थापना के लिए निरंतर प्रयासरत है।
यह बातें उन्होंने मंगलवार को सिगरा माधोपुर स्थित सेवा बस्ती में आयोजित कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान कहीं। कार्यक्रम में ठंड से बचाव के लिए बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। मंत्री ने कहा कि ठंड के मौसम में गरीबों की सहायता करना केवल एक सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है, जिसे सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ निभा रही है।
डॉ. दयाशंकर मिश्र ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारें जाति और वर्ग की राजनीति में उलझी रहीं, जबकि मौजूदा सरकार ने अगड़ा–पिछड़ा और जाति–वर्ग से ऊपर उठकर हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाया है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना से गरीबों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिली है, प्रधानमंत्री आवास योजना से उन्हें पक्का मकान मिला है, उज्ज्वला योजना ने महिलाओं के जीवन को धुएं से मुक्त किया है और पेंशन योजनाओं ने बुजुर्गों को सम्मानजनक जीवन दिया है।
आयुष मंत्री ने कहा कि सेवा, सुशासन और संवेदनशीलता भाजपा सरकार की पहचान है। कंबल वितरण जैसे कार्यक्रम सरकार की मानवीय सोच को दर्शाते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि कोई भी जरूरतमंद ठंड, भूख या अभाव के कारण परेशान न हो।
इस अवसर पर संजय मिश्रा, गौरव राठी, सिंधु सोनकर, महंत गोविंद दास शास्त्री, सुनील मिश्रा, अवध नारायण राय सहित कई भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे और उन्होंने भी सेवा बस्ती के लोगों से संवाद किया।









