चंदौली। जनपद में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर राजनीतिक हलकों में चिंता बढ़ती जा रही है। नेताओं ने जिले की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रशासन से अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि लगातार हो रही घटनाओं से आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बनता जा रहा है।
सैयदराजा विधानसभा क्षेत्र के तलाशपुर गांव के पास पीडीए के एक कार्यकर्ता की हत्या को लेकर नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। इस घटना को लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए गए हैं।
सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि जिले में अपराध का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। तलाशपुर गांव के पास पीडीए के एक साथी की हत्या बेहद दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि यह घटना जिले की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। उन्होंने आरोप लगाया कि पीडीए से जुड़े लोगों को चुन-चुनकर निशाना बनाया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए ठीक नहीं है।
पूर्व सांसद रामकिशुन ने भी जिले में बढ़ते अपराध को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि अपराधी बेलगाम हो चुके हैं और पुलिस प्रशासन उन पर प्रभावी अंकुश लगाने में असफल दिखाई दे रहा है। यदि समय रहते अपराध पर नियंत्रण नहीं किया गया तो स्थिति और भी गंभीर हो सकती है।
उन्होंने बताया कि होलिका दहन के दौरान डीजल कॉलोनी में एक पुलिस दरोगा के साथ मारपीट की घटना भी हुई, जिसमें उनका हाथ फ्रैक्चर हो गया। उन्होंने कहा कि यह घटना बताती है कि अपराधियों के हौसले कितने बुलंद हो चुके हैं। इस मामले में भी अब तक कोई सख्त कार्रवाई नहीं होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
रामकिशुन ने कहा कि रोहिताश पाल हत्याकांड का मुख्य आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अपराधियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो जिले में भय और असुरक्षा का माहौल और गहरा सकता है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी कर कानून व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए।













