वाराणसी। चेतगंज थाना क्षेत्र में शनिवार को एक पान व्यवसायी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार चेतगंज क्षेत्र के लहंगपुरा निवासी राजेश चौरसिया (53) शहर के प्रसिद्ध पान बाजार नया पान दरीबा में पान, सिगरेट और पान मसाले के बड़े व्यवसायी थे। उनका परिवार आर्थिक रूप से संपन्न माना जाता है। ऐसे में उनके इस कदम से परिवार के लोग और आसपास के निवासी स्तब्ध रह गए।
घटना की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। सूचना पर चेतगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर थाना प्रभारी वीके शुक्ला और पान दरीबा चौकी प्रभारी रोहित तिवारी भी पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया, जिसने मौके की बारीकी से जांच की। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।









