पंजाब। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया और हेरोइन तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया। यह घटना तरनतारन जिले के खेमकरण सेक्टर में बीती रात हुई।
जानकारी के अनुसार बीएसएफ की 142 बटालियन के जवान खेमकरण सेक्टर में बॉर्डर पोस्ट कालिया और नूर वाला के बीच रात में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान करीब 1:28 बजे कंटीली तार के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को सीमा पार करते हुए देखा गया। जवानों ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वह चेतावनी की अनदेखी करते हुए आगे बढ़ने लगा।
स्थिति को देखते हुए जवानों ने आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें वह घुसपैठिया मौके पर ही मारा गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह भारतीय क्षेत्र में हेरोइन की बड़ी खेप पहुंचाने की कोशिश कर रहा था।
घटनास्थल से कुछ संदिग्ध वस्तुएं बरामद की गई हैं, जिनमें नशीले पदार्थ होने की आशंका जताई जा रही है। फायरिंग के दौरान अन्य पाकिस्तानी तस्कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया।
मामले में वल्टोहा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए पट्टी के सिविल अस्पताल भेज दिया है। बीएसएफ और पुलिस की संयुक्त टीम पूरे मामले की जांच कर रही है।
बीएसएफ अधिकारियों का कहना है कि सीमा पर ड्रग्स तस्करी और घुसपैठ की कोशिशों को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा और ऐसे प्रयासों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।













