पटना। गंगा में जल पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मंगलवार से वाटर मेट्रो सेवा शुरू करने की तैयारी है। यात्री दीघा घाट से गांधी घाट तक 40 मिनट की यात्रा कर सकेंगे। इस सफर का किराया 50 रुपये निर्धारित किया गया है। दीघा घाट पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के सेवा को हरी झंडी दिखाने का कार्यक्रम है।
वातानुकूलित जलयान में एक बार में 50 यात्रियों के बैठने की व्यवस्था है। यात्रियों की सुविधा के लिए शौचालय और व्हीलचेयर भी उपलब्ध कराई गई है। पांच वर्ष तक के बच्चों को मुफ्त यात्रा का लाभ मिलेगा, जबकि पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों के लिए किराया 25 रुपये रखा गया है।
हाइब्रिड इंजन से चलने वाले इस जलयान के जरिए प्रदूषण कम करने और गंगा पर्यटन को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य है। यह सेवा लोगों को नदी के रास्ते दोनों घाटों के बीच सफर और गंगा के किनारों का नजारा देखने का अवसर देगी।
शुरुआती चरण में टिकट दीघा घाट स्थित काउंटर से खरीदे जा सकेंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए जल्द ऑनलाइन बुकिंग शुरू करने की भी योजना है।












