बदायूं। जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) के कम्प्रेस्ड बायोगैस (सीबीजी) प्लांट में घुसकर हमलावर ने दो अधिकारियों को गोली मार दी। इस हमले में प्लांट के प्रबंधक सुधीर गुप्ता और उप प्रबंधक हर्षित मिश्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार सैंजनी गांव स्थित एचपीसीएल के बायोगैस प्लांट में दोपहर के समय एक हथियारबंद व्यक्ति प्लांट परिसर में घुस आया और सीधे दोनों अधिकारियों को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। अचानक हुई इस घटना से प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
मृतक सुधीर गुप्ता (करीब 55 वर्ष) मूल रूप से नोएडा के रहने वाले बताए जा रहे हैं, जबकि उप प्रबंधक हर्षित मिश्रा (करीब 40 वर्ष) लखीमपुर खीरी के निवासी थे। दोनों अधिकारी प्लांट के संचालन से जुड़े अहम दायित्व संभाल रहे थे। गोली लगने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना को अंजाम देने वाला आरोपी प्लांट का ही पूर्व कर्मचारी बताया जा रहा है, जो पेलोडर ऑपरेटर के पद पर काम करता था। कुछ समय पहले कंपनी ने उसे नौकरी से निकाल दिया था, जिसके बाद से वह नाराज चल रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी पहले भी अधिकारियों से विवाद कर चुका था और हमले की कोशिश की बात भी सामने आ रही है।
पुलिस के अनुसार हमलावर की पहचान अजय प्रताप सिंह उर्फ रामू के रूप में की जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही इलाके की घेराबंदी कर हमलावर की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस दोहरे हत्याकांड के बाद बदायूं समेत आसपास के जिलों में भी सनसनी फैल गई है और मामला पूरे उत्तर प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है।













