अलीगढ़। क्वार्सी थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक ऐसा मामला सामने आया जिसने इलाके में चर्चा का विषय बना दिया। बुलंदशहर के गुलावठी निवासी एक युवक ने अपनी पत्नी को उसके पुराने प्रेमी के साथ होटल के कमरे में पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लेकर थाने ले गई।
जानकारी के अनुसार आकाश कुमार अपनी बहन के घर अलीगढ़ आए हुए थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी पत्नी को एक युवक के साथ देखा। शक होने पर उन्होंने दोनों का पीछा किया। महिला अपने साथी मृदुल उर्फ निखिल के साथ रामघाट रोड स्थित एक निजी होटल में पहुंची और वहां कमरा नंबर 302 बुक कराया।
आकाश कुमार होटल के बाहर ही रुक गए और तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम के पहुंचने के बाद होटल के कमरे का दरवाजा खुलवाया गया, जहां महिला और उसका साथी आपत्तिजनक स्थिति में मिले। इसके बाद दोनों को पुलिस अपने साथ थाने ले गई।
पति का आरोप है कि उसकी शादी करीब साढ़े तीन वर्ष पहले प्रेम विवाह के रूप में हुई थी, लेकिन शादी के बाद भी पत्नी का अपने पुराने परिचित मृदुल से संपर्क बना रहा। उनका यह भी कहना है कि पत्नी ने उनके खिलाफ दहेज उत्पीड़न का झूठा मामला दर्ज कराया है, जबकि यह लव मैरिज थी और दहेज का कोई लेनदेन नहीं हुआ था।
क्वार्सी थाना पुलिस का कहना है कि तीनों पक्षों को थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है। प्राप्त शिकायत और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।









