वाराणसी। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंगलवार को काशी पहुंचे, जहां वे एमपी-यूपी सहयोग सम्मेलन-2026 में भाग लेंगे। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उनके आगमन पर भव्य स्वागत किया गया।
एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। स्वागत करने वालों में नंद गोपाल गुप्ता, राकेश सचान, गिरीश यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, डॉ. विजय यादव, संदीप केसरी और शैलेश पाण्डेय सहित कई स्थानीय नेता मौजूद रहे।
इस दौरे का मुख्य उद्देश्य मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के बीच आर्थिक, औद्योगिक, सांस्कृतिक और पर्यटन सहयोग को मजबूत करना है। सम्मेलन में ओडीओपी (एक जिला एक उत्पाद) मॉडल, जीआई टैग उत्पादों, कृषि, हस्तशिल्प और निवेश के अवसरों पर विस्तार से चर्चा होगी। साथ ही दोनों राज्यों के बीच कई महत्वपूर्ण एमओयू साइन होने की संभावना है।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का अध्ययन भ्रमण भी करेंगे। यहां वे भीड़ प्रबंधन, आधारभूत ढांचे और तीर्थयात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लेंगे। सिंहस्थ कुंभ की तैयारियों को देखते हुए यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है।









