चंदौली। विश्व होम्योपैथिक दिवस के अवसर पर 10 अप्रैल 2026 को जनपद में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी के निर्देशन में बुद्धा आश्रम, मझवरिया (सकलडीहा) में होम्योपैथी के जनक डॉ. सैमुअल हैनिमैन की जयंती को विशेष होम्योपैथिक दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन कर आमजन को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
कार्यक्रम में समाज कल्याण अधिकारी राजीव कुमार, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि महेश सिंह यादव तथा क्षेत्रीय अधिकारी उदय कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया और होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूकता दिखाई।
चिकित्सा शिविर में कुल 70 मरीजों का उपचार किया गया, जिनमें से 35 मरीजों का उपचार आयुर्वेद चिकित्सक द्वारा तथा 35 मरीजों का उपचार होम्योपैथिक चिकित्सक द्वारा किया गया। इसके अतिरिक्त 45 मरीजों को प्रशिक्षित एवं सहायक कर्मियों द्वारा भी प्राथमिक उपचार और परामर्श दिया गया। कार्यक्रम के दौरान हेल्थ एवं वेलनेस सेंटर मझवरिया के माध्यम से मरीजों को दवाओं का वितरण भी किया गया।
शिविर के दौरान विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से पीड़ित मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श दिया गया और आवश्यक दवाएं निःशुल्क वितरित की गईं। साथ ही योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें योग प्रशिक्षक श्रीमती रेखा पटेल एवं योग सहायक अनूप मिश्रा द्वारा उपस्थित लोगों को योगाभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। वर्ष 2025-26 में बेहतर प्रदर्शन करने वाले रोगी मित्रों, स्वास्थ्य कर्मियों और सहयोगियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस आयोजन में होम्योपैथिक विभाग के चिकित्सकों, फार्मासिस्ट, नर्सिंग स्टाफ एवं अन्य कर्मचारियों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूकता बढ़ाना और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सुलभ एवं सस्ती चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना रहा।













