वाराणसी। काशी विश्वनाथ मंदिर क्षेत्र स्थित ललिता घाट पर एक बार फिर लेजर शो की शुरुआत हो गई है। बाढ़ के चलते बंद पड़ा यह आकर्षण अब दोबारा चालू होने से श्रद्धालुओं और पर्यटकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
बीते साल गंगा के बढ़ते जलस्तर ने घाट पर स्थापित लेजर सिस्टम को बुरी तरह प्रभावित कर दिया था। मशीनें पानी में डूब गई थीं और उनमें गाद भर जाने से पूरा सिस्टम ठप हो गया था। इस तकनीकी चुनौती को पार करते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने विशेषज्ञों की मदद से इसे फिर से चालू कराया।
नई शुरुआत के साथ लेजर शो अब पहले की तरह काशी की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक झलकियों को रोशनी और साउंड इफेक्ट्स के जरिए पेश कर रहा है। यह प्रस्तुति करीब 10 मिनट की होती है और हर दिन गंगा आरती के बाद आयोजित की जाती है।
पहले ही दिन घाट पर बड़ी संख्या में लोग इस शो को देखने पहुंचे। दर्शकों ने इसे बेहद आकर्षक और भावनात्मक अनुभव बताया। न्यास के अनुसार, यह शो पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित हो चुका है और अब इसकी गुणवत्ता को उसी स्तर पर बनाए रखा गया है।
लेजर शो के दोबारा शुरू होने से गंगा घाट का माहौल और भी जीवंत हो गया है, जिससे काशी की पारंपरिक आस्था और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम एक बार फिर देखने को मिल रहा है।









