चंदौली। थाना मुगलसराय क्षेत्र में दर्ज एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नाबालिग बच्चों की सकुशल बरामदगी करने वाली पुलिस टीम को सम्मानित किया गया है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने उत्कृष्ट कार्य के लिए क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह एवं थानाध्यक्ष मुगलसराय विजय प्रताप सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
जानकारी के अनुसार, 14 अप्रैल को थाना मुगलसराय में मु.अ.सं. 169/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत नाबालिग बच्चों के लापता होने का मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने तत्परता दिखाते हुए तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग किया और लोकेशन के आधार पर जनपद गाजीपुर पुलिस से समन्वय स्थापित किया। संयुक्त प्रयासों के परिणामस्वरूप महज 24 घंटे के भीतर तीनों नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया गया।
इस सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक ने टीम की कार्यकुशलता, त्वरित निर्णय क्षमता और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह सफलता जनपद पुलिस की सजगता, संवेदनशीलता और प्रभावी पुलिसिंग का प्रतीक है।









