वाराणसी। भीषण गर्मी और लू के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए जिले में स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर बेसिक शिक्षा विभाग ने यह फैसला लिया है, ताकि बच्चों को गर्मी से राहत मिल सके।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनुराग श्रीवास्तव द्वारा जारी आदेश के अनुसार कक्षा 1 से 8 तक के सभी परिषदीय, राजकीय, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, मदरसा तथा CBSE और ICSE बोर्ड से संबद्ध विद्यालय अब 21 अप्रैल 2026 से सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक संचालित होंगे।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी निर्धारित समय पर विद्यालय में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। साथ ही परिषदीय विद्यालयों के स्टाफ को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे स्कूल की छुट्टी के बाद कम से कम एक घंटे तक रुककर अभिभावकों से संपर्क करें और छात्र नामांकन बढ़ाने सहित अन्य विभागीय कार्यों को पूरा करें।
प्रशासन का मानना है कि इस बदलाव से बच्चों को तेज धूप और लू से राहत मिलेगी, वहीं पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी।









