मिर्जापुर। जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र स्थित जिला अस्पताल पुलिस चौकी में देर रात दबंगों द्वारा पुलिसकर्मियों पर हमले की सनसनीखेज घटना सामने आई है। मामूली सड़क दुर्घटना के बाद शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दर्जनों लोगों ने चौकी में घुसकर चौकी प्रभारी और सिपाहियों की बेरहमी से पिटाई कर दी।
हमलावरों ने पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ दी, बिल्ला नोच लिया, वायरलेस सेट के तार तोड़ दिए और मोबाइल फोन छीन लिए। इस दौरान एक आरोपी ने पिस्टल लहराते हुए पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी भी दी।
बताया गया कि अस्पताल के पास ई-रिक्शा और ट्रैक्टर की टक्कर के बाद विवाद शुरू हुआ था। पुलिस दोनों पक्षों को समझाने के लिए चौकी लाई थी, लेकिन एक पक्ष ने बड़ी संख्या में अपने समर्थकों को बुला लिया। इसके बाद करीब 50 लोगों की भीड़ ने चौकी में घुसकर हमला कर दिया।
चौकी प्रभारी मनोज राय सहित कई पुलिसकर्मी इस हमले में घायल हुए। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने चार नामजद आरोपियों समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे कानून व्यवस्था को लेकर व्यापक चर्चा शुरू हो गई है।













