, ,

रामनगर पुलिस के हत्थे चढ़ा असलहा तस्कर, दो पिस्टल व सात कारतूस बरामद

वाराणसी। रामनगर थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक असलहा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार रात्रि गश्त और सघन चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक बुलेट मोटरसाइकिल से अवैध हथियार लेकर पीएसी तिराहे से दुर्गा मंदिर की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हो गई और बावन बीघा मैदान से नाथूपुर जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान नितेश पाण्डेय (22) पुत्र शिवपूजन पाण्डेय निवासी टेंगरा मोड़, भीटी, थाना रामनगर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से दो अवैध पिस्टल, दो मैगजीन तथा सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त करता है और इससे मिलने वाले पैसों से अपने शौक पूरे करता है। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि बरामद हथियार बिहार के मुंगेर से लाए गए थे।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना रामनगर में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक जय प्रकाश सिंह, नितेश शर्मा, पंकज कुमार मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Ruchi Chaubey Avatar

Written by

Follow us

error: Content is protected !!