वाराणसी। रोहनिया विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 की प्रगति को लेकर सर्किट हाउस में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल ने की। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न वार्डों के पार्षद, डूडा अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
बैठक के दौरान क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों, जनसुविधाओं और प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत प्राप्त आवेदनों की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। विधायक डॉ. सुनील पटेल ने डूडा सचिव निधि वाजपेई और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का पार्षदों और सत्यापन समिति के माध्यम से शीघ्र सत्यापन कराया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को जल्द से जल्द प्रथम किस्त की धनराशि उपलब्ध कराई जा सके।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लोगों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाना प्राथमिकता है। आवास योजना के तहत किसी भी पात्र व्यक्ति को लाभ से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। विधायक ने अधिकारियों से पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ कार्य करने को कहा।
बैठक में विकास कार्यों की गति बढ़ाने, अधूरे कार्यों को जल्द पूरा कराने और क्षेत्रीय समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी जोर दिया गया। विधायक ने कहा कि रोहनिया विधानसभा क्षेत्र में सड़क, नाली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर काम करने की अपील करते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
बैठक में कल्लू पहलवान, गोपाल पटेल, कमलेश पाल, सुरेश पटेल ‘गुड्डू’, श्रीप्रकाश ‘कल्लू’ पटेल, रवींद्र सोनकर, राजेश कन्नौजिया, महेंद्र सिंह पटेल, श्याम भूषण शर्मा, अजय कुमार बिंद सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।













