लखनऊ। चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर शुक्रवार को बड़ा हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म पर लगा टिन शेड अचानक टूटकर नीचे गिर पड़ा, जिससे वहां मौजूद यात्रियों में भगदड़ मच गई। हादसे में दो यात्री घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त प्लेटफॉर्म पर यात्रियों की काफी भीड़ थी। अचानक तेज आवाज के साथ टिन शेड गिरने से लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। जवानों ने पूरे इलाके को खाली कराते हुए राहत एवं बचाव कार्य चलाया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
रेलवे अधिकारियों ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में टिन शेड की जर्जर स्थिति या तकनीकी खामी को हादसे की वजह माना जा रहा है। घटना के बाद स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और अन्य प्लेटफॉर्मों के शेड की भी जांच कराई जा रही है।









