रायगढ़। समावेशी समाज के निर्माण की दिशा में पहल करते हुए एनटीपीसी लारा की सामाजिक संस्था प्रेरिता महिला समिति ने परियोजना क्षेत्र के दिव्यांगजनों को कृत्रिम अंग वितरित किए। कार्यक्रम का आयोजन 2 जून को किया गया, जिसमें प्रेरिता महिला समिति की अध्यक्षा रेखा ठाकुर ने हितग्राहियों को कृत्रिम अंग प्रदान किए।
इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। कृत्रिम अंग वितरण से पूर्व विशेषज्ञ चिकित्सकों की सहायता से लाभार्थियों की जांच कर उनकी आवश्यकता के अनुरूप माप लिए गए थे, जिसके बाद विशेष रूप से तैयार किए गए कृत्रिम अंग उपलब्ध कराए गए।
रेखा ठाकुर ने कहा कि प्रेरिता महिला समिति समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास है कि प्रत्येक व्यक्ति सम्मान और आत्मविश्वास के साथ जीवन जी सके।
लाभार्थियों ने एनटीपीसी लारा और प्रेरिता महिला समिति के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कृत्रिम अंग मिलने से उनके दैनिक कार्य आसान होंगे और वे अधिक आत्मनिर्भर बन सकेंगे। उन्होंने बताया कि अब उन्हें चलने-फिरने के लिए बैसाखियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।
एनटीपीसी लारा की इस पहल को सामाजिक दायित्व और जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। कार्यक्रम में प्रेरिता महिला समिति की उपाध्यक्ष तृप्ति पावगी, महासचिव ममता साहू, वरिष्ठ सदस्या सबनम अहमद सहित समिति की अन्य पदाधिकारी एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।









