चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र में रविवार सुबह पुलिस और लूट के आरोपियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक उपनिरीक्षक गोली लगने से घायल हो गए, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध हथियार और लूट का सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 3 जून को चहनिया बाजार में मिश्रापूरा निवासी गोविंद मिश्रा से लूट की घटना हुई थी। घटना के खुलासे के लिए पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही थी। रविवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में वांछित दोनों आरोपी अपने घर आए हैं और फरार होने की तैयारी में हैं।
सूचना के बाद पुलिस ने वाराणसी-बलुआ मार्ग पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान बाइक से आते दो संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर दोनों युवक भागने लगे, लेकिन कुछ दूरी पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई।
पुलिस का आरोप है कि बाइक गिरने के बाद दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान उपनिरीक्षक जमालुद्दीन खान के बाएं हाथ में गोली लग गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी अनुपम पांडे उर्फ गोलू निवासी अटोली, थाना धानापुर के दाहिने पैर में लगी, जबकि दूसरा आरोपी आकाश कुमार निवासी महुअर, थाना बलुआ ने मौके पर आत्मसमर्पण कर दिया।
घायल उपनिरीक्षक और आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, एक 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस और लूट से संबंधित सामान बरामद किया है।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार अनुपम पांडे के खिलाफ करीब छह आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि आकाश कुमार पर भी विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज बताए गए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल की जा रही है।













