वाराणसी। क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। राजातालाब के गंजारी में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। अधिकारियों के मुताबिक स्टेडियम का 92 प्रतिशत से अधिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और अगस्त 2026 तक इसे संबंधित एजेंसियों को हैंडओवर कर दिया जाएगा।
परियोजना से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुसार तेजी से चल रहा है। यदि सब कुछ योजना के मुताबिक रहा तो मानसून के बाद यहां घरेलू क्रिकेट मुकाबलों का आयोजन भी शुरू किया जा सकता है। इससे पूर्वांचल के खिलाड़ियों और क्रिकेट प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध होंगी।
स्टेडियम की सबसे खास बात इसका अनूठा डिजाइन है। भगवान शिव की थीम पर विकसित किए जा रहे इस भव्य स्टेडियम में डमरू, त्रिशूल और काशी की सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई देगी। आधुनिक वास्तुकला और धार्मिक-सांस्कृतिक प्रतीकों के समन्वय ने इसे देश के सबसे आकर्षक क्रिकेट स्टेडियमों में शामिल कर दिया है।
करीब 30 हजार दर्शकों की क्षमता वाले इस स्टेडियम में 1,500 से अधिक वाहनों की पार्किंग की सुविधा विकसित की गई है। इसके अलावा अत्याधुनिक ड्रेनेज सिस्टम लगाया गया है, जिसकी मदद से भारी बारिश के बाद भी मैदान को कम समय में मैच के लिए तैयार किया जा सकेगा। अधिकारियों के अनुसार यह प्रणाली लगभग 20 लाख लीटर पानी को महज आधे घंटे में बाहर निकालने में सक्षम होगी।
खेल विशेषज्ञों का मानना है कि इस स्टेडियम के शुरू होने से पूर्वांचल में क्रिकेट को नई पहचान मिलेगी। स्थानीय खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय सुविधाएं और बड़े मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। निर्माण कार्य अंतिम दौर में पहुंचने के साथ ही खेल प्रेमियों में इसके उद्घाटन और पहले मुकाबले को लेकर उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है।









