वाराणसी। पिंडरा क्षेत्र के सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) प्रतीक कुमार के स्थानांतरण पर गुरुवार को बड़ागांव स्थित बनारस किला में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और पुलिस कर्मियों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए उनकी कार्यशैली, नेतृत्व क्षमता और जनहित के प्रति समर्पण की सराहना की।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू काद्दयान ने कहा कि एसीपी प्रतीक कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने और आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया। उन्होंने कहा कि उनकी कार्यशैली हमेशा निष्पक्ष, पारदर्शी और संवेदनशील रही, जिससे पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हुआ।
विदाई समारोह के दौरान अधिकारियों ने बताया कि एसीपी प्रतीक कुमार ने क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण अभियानों का सफल संचालन किया। उन्होंने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ सामाजिक संवाद और जनसुनवाई को भी प्राथमिकता दी। उनकी त्वरित निर्णय क्षमता और समस्याओं के शीघ्र समाधान की कार्यप्रणाली को पुलिस विभाग में काफी सराहा गया।
समारोह में मौजूद अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने उनके साथ बिताए गए अनुभव साझा किए और उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान बड़ागांव थाने के हेड कांस्टेबल आनंद सिंह सहित समस्त पुलिस परिवार ने उन्हें स्मृति चिन्ह, पुष्पगुच्छ और सम्मान स्वरूप मालाएं भेंट कीं।
भावुक माहौल के बीच पुलिसकर्मियों ने उनके स्वस्थ, सफल और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम का समापन आपसी संवाद और शुभकामनाओं के साथ हुआ।









