अलीगंज में कोचिंग सेंटर में भीषण आग, छात्रों ने बचने के लिए लगाई छलांग

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र के पुरनिया इलाके में सोमवार को एक कोचिंग सेंटर में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के समय संस्थान में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे, जिससे मौके पर दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगते ही कुछ ही मिनटों में पूरा कोचिंग सेंटर धुएं और लपटों से भर गया। हालात इतने गंभीर हो गए कि कई छात्रों ने जान बचाने के लिए इमारत से छलांग लगा दी, जिससे कुछ छात्र घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर छात्रों को सुरक्षित बाहर निकालने का अभियान चलाया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है।

घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और कोचिंग सेंटर में अग्नि सुरक्षा मानकों की भी जांच की जा रही है।

ब्यूरो प्रमुख- लखनऊ

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!