वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दो दिवसीय वाराणसी दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए मंगलवार को लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों को हटाया गया।
प्रभारी निरीक्षक अतुल सिंह और पांडेयपुर चौकी प्रभारी दिनेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुख्य मार्गों का निरीक्षण किया और सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटवाते हुए लोगों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की अपील की। अभियान के दौरान सड़क पर यातायात में बाधा बनने वाले वाहनों को हटाकर मार्ग को व्यवस्थित कराया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के भ्रमण मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या सुरक्षा में बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी। इसलिए प्रमुख सड़कों और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है तथा लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की कि वे नियमों का पालन करें और वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें। उन्होंने चेतावनी दी कि सुरक्षा व्यवस्था या यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी गई है। प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि दौरे के दौरान यातायात सुचारु रहे और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।









