वाराणसी। नौका संचालन लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया दोबारा शुरू कराने की मांग को लेकर मंगलवार को ‘माँ गंगा निषादराज जन एकता समिति’ (रामनगर) के प्रतिनिधिमंडल ने कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। समिति ने कहा कि लंबे समय से लाइसेंस न मिलने के कारण नाविक परिवारों की आजीविका पर गंभीर असर पड़ा है।
समिति के अध्यक्ष बबलू साहनी के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पिछले करीब दो वर्षों से नए नौका संचालन लाइसेंस जारी नहीं किए गए हैं। इससे गंगा किनारे रहने वाले निषाद समाज के अनेक परिवार रोजगार संकट का सामना कर रहे हैं। उनका कहना था कि नाव संचालन ही उनकी आय का मुख्य स्रोत है और लाइसेंस प्रक्रिया बंद होने से आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि लंबित प्रक्रिया को शीघ्र शुरू कर पात्र नाविकों को पारदर्शी तरीके से लाइसेंस उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे पुनः नियमित रूप से अपना रोजगार संचालित कर सकें।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त से बातचीत की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से नौका लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया जल्द प्रारंभ करने और नाविकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
विधायक के आश्वासन के बाद समिति के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द सकारात्मक निर्णय लेगा। इस दौरान समिति के महामंत्री धनंजय साहनी, उपाध्यक्ष रमेश साहनी, मुन्ना निषाद, कोषाध्यक्ष अविनाश साहनी, सचिव द्वारिका प्रसाद, मंत्री आकाश साहनी सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।









