मीरजापुर। जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार (IAS) के निर्देश पर उपजिलाधिकारी/SLAO मीरजापुर गुलाब चन्द्र ने शनिवार को थाना विंध्याचल में आयोजित थाना समाधान दिवस में जनसुनवाई की। इस दौरान उनके साथ सीओ सिटी अमित कुमार और थानाध्यक्ष अजीत कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और राजस्व एवं पुलिस से जुड़े मामलों की समीक्षा की। एसडीएम गुलाब चन्द्र ने मौके पर ही दो मामलों का निस्तारण कराया। वहीं, कई भूमि विवाद से संबंधित प्रकरणों की सुनवाई करते हुए दोनों पक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने भूमि विवाद के मामलों में दोनों पक्षों पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 के तहत निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश थाना पुलिस को दिए।
एसडीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भूमि और संपत्ति पर अवैध कब्जे या विवाद में अनावश्यक हस्तक्षेप करने वालों के खिलाफ राजस्व विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने अचल संपत्ति जैसे मकान और जमीन से जुड़े विवादित मामलों में नियमानुसार मजिस्ट्रेट न्यायालय में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए थाना पुलिस को निर्देशित किया।
इसके अलावा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों तथा धारा-24 के बाद भी भूमि पर कब्जा बनाए रखने वाले व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
एसडीएम गुलाब चन्द्र ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को त्वरित न्याय उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। राजस्व और पुलिस विभाग आपसी समन्वय के साथ लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें।













