मिर्जापुर। जनसत्ता दल ने चर्चित वेब सीरीज़ “मिर्जापुर” को लेकर जिले की छवि धूमिल किए जाने का आरोप लगाते हुए विरोध दर्ज कराया। पार्टी नेताओं ने सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा और मामले में कार्रवाई की मांग की।
प्रदेश नेता अनुज ऊमर और नगर विधानसभा अध्यक्ष विक्रम सिंह के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया कि वेब सीरीज़ में मिर्जापुर को जिस तरह अपराध और हिंसा से जोड़कर दिखाया गया है, उससे जनपद की वास्तविक पहचान प्रभावित हुई है। उनका कहना था कि इससे स्थानीय नागरिकों की भावनाएं आहत हुई हैं और जिले की सामाजिक व सांस्कृतिक छवि पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है।
जनसत्ता दल ने मुख्यमंत्री से मांग की कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आवश्यक और विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में किसी भी फिल्म, वेब सीरीज़ या अन्य दृश्य माध्यम में किसी जनपद, क्षेत्र या समाज की छवि प्रस्तुत करते समय जिम्मेदारी और संवेदनशीलता बरतने के लिए उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्टी के पदाधिकारी छोटू शुक्ला, शुभम शुक्ला, शैलेश शुक्ला, अभिषेक शुक्ला, कृष्ण मिश्र, आलोक शुक्ला सहित अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।









