स्वतंत्रता दिवस 2026 की तैयारियां शुरू, शासन ने जिलों को जारी किए दिशा-निर्देश

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने स्वतंत्रता दिवस 2026 के गरिमामय आयोजन को लेकर सभी जिलों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। राज्य सरकार ने राष्ट्रीय पर्व को उत्साह, अनुशासन और व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाने के निर्देश दिए हैं।

निर्देशों के अनुसार राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुबह 9 बजे आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। वहीं जिला मुख्यालयों पर संबंधित प्रभारी मंत्री अथवा राज्य शासन द्वारा नामित जनप्रतिनिधि ध्वजारोहण करेंगे।

‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पर विशेष आयोजन

इस वर्ष ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर पूरे प्रदेश में विशेष रूप से सामूहिक वंदे मातरम् गायन कराया जाएगा। शासन ने सभी शासकीय विभागों, शिक्षण संस्थानों और स्थानीय निकायों को इस आयोजन में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

पंचायतों और नगर निकायों में भी होंगे समारोह

विकासखंड, नगर निकाय और ग्राम पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा तथा तिरंगे को सम्मानपूर्वक सलामी दी जाएगी। इसके साथ ही सभी स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज संहिता का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों का होगा सम्मान

राज्य शासन ने स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान शहीद जवानों, स्वतंत्रता सेनानियों तथा उनके परिजनों को सम्मानित करने के निर्देश भी दिए हैं। इसके अलावा सभी शासकीय भवनों, स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय पर्व को गरिमा और उत्साह के साथ मनाने पर जोर दिया गया है।

सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष जोर

सरकार ने सभी जिला प्रशासनों को सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और आयोजन से जुड़ी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि स्वतंत्रता दिवस का आयोजन शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और जनभागीदारी के साथ संपन्न कराया जा सके।

ब्यूरो प्रमुख- रायपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!