नगर निगम कार्यकारिणी चुनाव: भाजपा ने जीतीं 5 सीटें, सपा को मिली 1, कांग्रेस का खाता नहीं खुला

वाराणसी। नगर निगम कार्यकारिणी समिति के छह रिक्त पदों के लिए शुक्रवार को हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पांच सीटों पर जीत दर्ज कर अपना दबदबा कायम रखा, जबकि समाजवादी पार्टी (सपा) को एक सीट मिली। कांग्रेस का कोई भी प्रत्याशी निर्वाचित नहीं हो सका।

नगर निगम कार्यकारिणी के 12 सदस्यों में से छह का कार्यकाल 27 जून को समाप्त होने के बाद इन पदों के लिए टाउनहाल सभागार में महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में चुनाव कराया गया। छह पदों के लिए आठ प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। बाद में सपा प्रत्याशी अमरदेव ने नाम वापस ले लिया, जिससे मुकाबला भाजपा, सपा और कांग्रेस के बीच त्रिकोणीय हो गया।

चुनाव में कुल 112 मतदाताओं में से 107 ने मतदान किया। इस तरह 95.53 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान के बाद मतगणना अधिकारी शशिकांत सिंह के नेतृत्व में मतगणना हुई, जिसमें एक मत अवैध घोषित किया गया।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि विपक्ष संयुक्त रणनीति अपनाता तो सपा के दो उम्मीदवारों की जीत की संभावना बन सकती थी। कांग्रेस प्रत्याशी के मैदान में बने रहने से विपक्षी मतों का बंटवारा हुआ और भाजपा को अतिरिक्त सीट का लाभ मिला।

निर्वाचित सदस्य

भाजपा

  • बलराम कन्नौजिया (वार्ड-9, शिवपुर)
  • इंद्रा रानी (वार्ड-10, शिवपुरवा)
  • संदीप रघुवंशी (वार्ड-31, नारायणपुर)
  • संजय केशरी (वार्ड-84, गोलादीनानाथ)
  • नरसिंह दास (वार्ड-96, दशाश्वमेध)

समाजवादी पार्टी

  • गोविंद प्रसाद सिंह (वार्ड-49, पिसौर)

मतदान में शामिल रहे कई जनप्रतिनिधि

चुनाव में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल, राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, विधायक डॉ. सुनील पटेल, डॉ. नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव तथा विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र राय, अन्नपूर्णा सिंह और आशुतोष सिन्हा ने मतदान किया।

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्यमंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, सपा सांसद वीरेंद्र सिंह और निर्दलीय पार्षद अर्चना यादव शहर से बाहर होने के कारण मतदान में शामिल नहीं हो सके।

सिंगल ट्रांसफरेबल वोट प्रणाली से हुआ चुनाव

चुनाव एकल संक्रमणीय (सिंगल ट्रांसफरेबल वोट) पद्धति से कराया गया। प्रथम वरीयता के मतों में संदीप रघुवंशी को 17 मतों का मूल्य मिला, जबकि बलराम कन्नौजिया, इंद्रा रानी, संजय केशरी, नरसिंह दास और गोविंद प्रसाद सिंह को 16-16 मत मूल्य प्राप्त हुए। कांग्रेस प्रत्याशी गुलशन अली को 9 मतों का मूल्य मिला।

कार्यक्रम के अंत में कार्यकाल पूरा करने वाले तथा नवनिर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों का सम्मान भी किया गया।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!