मिर्जापुर पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, गठबंधन से लेकर राम मंदिर चोरी और शिक्षा मंत्री पर दिए बड़े बयान

मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय शुक्रवार को अपने ननिहाल मिर्जापुर जिले के कछवा क्षेत्र स्थित बरैनी गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में आगामी विधानसभा चुनाव, समाजवादी पार्टी से संभावित गठबंधन, अयोध्या राम मंदिर चोरी प्रकरण और शिक्षा व्यवस्था सहित कई राजनीतिक मुद्दों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के साथ संभावित गठबंधन के सवाल पर अजय राय ने कहा कि इस संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस फिलहाल प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर अपनी संगठनात्मक तैयारी में जुटी हुई है।

अयोध्या राम मंदिर से जुड़े कथित चोरी के मामले पर उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में बड़े लोगों पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिम्मेदार लोगों को बचाया जा रहा है, जबकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।

अजय राय ने नृपेंद्र मिश्रा का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि राम भक्तों पर गोली चलवाने वाले व्यक्ति आज भी पद पर बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग कथित रूप से अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के लिए जिम्मेदार हैं, वही अब महाशुद्धि यज्ञ करवा रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जाना चाहिए।

लद्दाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की मांगों का समर्थन करते हुए अजय राय ने कहा कि उनकी मांगें पूरी तरह जायज हैं और केंद्र सरकार को उन पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें अपने पद से तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।

अजय राय के बयान को लेकर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि उनके आरोपों पर संबंधित पक्षों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

ब्यूरो प्रमुख- मिर्जापुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!