वाराणसी। जंतर-मंतर पर शिक्षाविद् सोनम वांगचुक के साथ कथित पुलिस दुर्व्यवहार और युवाओं की विभिन्न मांगों को लेकर रविवार को वाराणसी में प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से केंद्र सरकार के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि देशभर के लाखों युवा पेपर लीक, परीक्षा घोटालों और शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं से प्रभावित हैं। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि इन्हीं मुद्दों को लेकर सोनम वांगचुक पिछले 21 दिनों से अनशन पर थे और युवाओं की आवाज उठा रहे थे।
ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि 18 जुलाई को जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान भारी पुलिस बल तैनात किया गया तथा प्रदर्शनकारियों के साथ सख्ती बरती गई। साथ ही दावा किया गया कि लंबे अनशन के कारण कमजोर हो चुके सोनम वांगचुक को पुलिस ने जबरन अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से युवाओं की समस्याओं पर संवाद स्थापित करने, परीक्षा संबंधी अनियमितताओं के मामलों की निष्पक्ष जांच कराने तथा शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने वालों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन जिलाधिकारी वाराणसी के माध्यम से केंद्र सरकार को भेजा गया। प्रदर्शन के दौरान मौजूद लोगों ने युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग भी उठाई।









