बलिया। जिले के बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के शहपुरवा गांव में गुरुवार को 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर खेत में गिरने से करंट लगने से पिता-पुत्र की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, जनार्दन यादव अपने पुत्र राजेश यादव के साथ खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही जर्जर हाईटेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर खेत में गिर गया। करंट की चपेट में आए बेटे को बचाने के प्रयास में जनार्दन यादव भी झुलस गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक केतकी सिंह मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) से जवाब-तलब किया और दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की। विधायक ने पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा दिलाने और मृतक की इकलौती बेटी की शिक्षा एवं भविष्य सुरक्षित कराने का आश्वासन भी दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे से पहले और बाद में कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को फोन किया गया, लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया।
वहीं, अधीक्षण अभियंता प्रदीप वर्मा ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि विभागीय प्रावधानों के अनुसार मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी तथा हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
घटना के बाद क्षेत्र में जर्जर बिजली लाइनों के रखरखाव और विभागीय लापरवाही को लेकर लोगों में नाराजगी है।













