वाराणसी। सावन माह में काशी विश्वनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों के साथ विभिन्न मार्गों और व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने बताया कि सावन के दौरान हर वर्ष लाखों श्रद्धालु काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। इसे देखते हुए मजिस्ट्रेट, पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त रूप से व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई है। भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग, सुव्यवस्थित कतार (क्यू) प्रणाली और खोया-पाया केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि रोपवे निर्माण कार्य को ध्यान में रखते हुए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय व्यापारियों को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े।
प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, शौचालय, सामान की सुरक्षा, बेहतर कतार व्यवस्था, कांवड़ यात्रियों के लिए अलग लेन, नियमित अंतराल पर पुलिस चौकियां, विश्राम स्थल और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।
बारिश के बीच अधिकारियों द्वारा फील्ड में पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किए जाने से यह स्पष्ट है कि प्रशासन सावन मेले को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियों में जुटा हुआ है।









