वाराणसी। गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर बुधवार को धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी गुरु भक्ति में पूरी तरह सराबोर नजर आई। शहर के विभिन्न मठों, आश्रमों और गुरुपीठों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। देश-विदेश से आए शिष्यों ने अपने गुरुजनों के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया और गुरु वंदना के साथ इस विशेष पर्व को मनाया।
काशी के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर विशेष पूजा-अर्चना, आरती और गुरु पूजन के कार्यक्रम आयोजित किए गए। पड़ाव स्थित अघोर पीठ श्री सर्वेश्वरी समूह संस्थान देवस्थानम, शिवाला स्थित अघोरपीठ बाबा कीनाराम स्थली क्रीं कुंड, मणिकर्णिका घाट स्थित सतुआ बाबा आश्रम, श्री धर्मसंघ शिक्षामंडल और केदारघाट स्थित श्री विद्यामठ में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
भक्तों ने गुरु चरणों का विधि-विधान से पूजन कर जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और आध्यात्मिक उन्नति की कामना की। कई स्थानों पर संतों और गुरुजनों द्वारा प्रवचन एवं आशीर्वचन भी दिए गए।
इसके अलावा विशेश्वरगंज स्थित संगत चेतन मठ, अस्सी स्थित आदि जगद्गुरु शंकराचार्य महासंस्थानम्, गुरुधाम कॉलोनी स्थित श्रीराम मंदिर, गड़वाघाट संतमत आश्रम और ईश्वरगंगी स्थित पातालपुरी मठ में भी गुरु पूर्णिमा पर विशेष धार्मिक आयोजन हुए।
पूरे दिन काशी के विभिन्न क्षेत्रों में गुरु भक्ति, आध्यात्मिक ऊर्जा और आस्था का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने गुरु को जीवन का मार्गदर्शक बताते हुए उनके प्रति श्रद्धा और समर्पण व्यक्त किया।









