वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी की साइबर क्राइम पुलिस ने म्यूल बैंक खातों और ट्रांजेक्शन एपीके (APK) फाइलों के जरिए साइबर ठगी कराने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 एंड्रॉयड मोबाइल, 3 आईफोन, 43 एटीएम कार्ड, 12 बैंक पासबुक, 10 चेकबुक, 11 क्यूआर कोड, 12 सिम कार्ड, एक लैपटॉप, एक डायरी, दो चारपहिया वाहन (महिंद्रा थार और हुंडई आई-20) तथा ₹12,060 नकद बरामद किए हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी गरीब और जरूरतमंद लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद एटीएम कार्ड, पासबुक, सिम और इंटरनेट बैंकिंग की पूरी जानकारी अपने कब्जे में लेकर उन खातों का उपयोग देशभर में साइबर ठगी से हासिल रकम के लेन-देन के लिए करते थे।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह संगठित तरीके से साइबर अपराधियों को बैंक खाते और तकनीकी संसाधन उपलब्ध कराता था, जिससे ठगी की रकम को विभिन्न खातों के जरिए ट्रांसफर किया जा सके।
कमिश्नरेट साइबर क्राइम पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उनके आपराधिक नेटवर्क, बैंक खातों के उपयोग और अन्य राज्यों से जुड़े संभावित संबंधों की गहन जांच की जा रही है।









