वाराणसी। भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के वरिष्ठ अधिकारी नवीन अरोरा ने अपर पुलिस महानिदेशक (ADG), वाराणसी जोन का कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने जोन के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ संक्षिप्त बैठक कर शासन की प्राथमिकताओं से अवगत कराया और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में उन्होंने आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, चेहल्लुम और बारावफात जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
नवागत ADG ने गो-तस्करी, साइबर अपराध और अन्य संगठित अपराधों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे।
उन्होंने अधिकारियों को जनसुनवाई को प्राथमिकता देने, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा आम नागरिकों और पुलिस पेंशनरों की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं त्वरित गति से निस्तारण करने के भी निर्देश दिए।
ADG नवीन अरोरा ने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली जनकेंद्रित, पारदर्शी और जवाबदेह होनी चाहिए, ताकि आम जनता का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।









