वाराणसी। सारनाथ थाना क्षेत्र के पहाड़िया-बेला मार्ग पर मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में एक साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक स्कॉर्पियो समेत मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर करीब दो घंटे तक प्रदर्शन किया और आर्थिक सहायता की मांग की।
पुलिस के अनुसार, चोलापुर थाना क्षेत्र के नवापुरा निवासी 45 वर्षीय संजय राजभर रोज की तरह साइकिल से पहाड़िया नई बस्ती मजदूरी करने जा रहे थे। परशुरामपुर के पास पीछे से तेज गति से आई एक स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिवार को सरकारी सहायता और आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
सूचना पर एसीपी विनय कुमार द्विवेदी और एसडीएम नीतू पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को हरसंभव सहायता और निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त कराया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, अज्ञात स्कॉर्पियो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।









