नई दिल्ली। कर्मचारी पेंशन योजना (ईपीएस-95) से जुड़े पेंशनभोगी बुधवार को राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपनी लंबित मांगों को लेकर बड़ा प्रदर्शन करेंगे। ईपीएस-95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पेंशनर्स के शामिल होने की संभावना है।
समिति की प्रमुख मांग है कि ईपीएस-95 के तहत मिलने वाली न्यूनतम मासिक पेंशन को बढ़ाकर 7,500 रुपये किया जाए। इसके साथ ही पेंशन पर महंगाई भत्ता (डीए) लागू करने और सभी पेंशनभोगियों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई जाएगी।
समिति का कहना है कि वर्तमान में ईपीएस-95 योजना के अंतर्गत करीब 81 लाख पेंशनर्स जुड़े हुए हैं, जिन्हें औसतन 1,171 रुपये प्रतिमाह पेंशन मिल रही है। उनका तर्क है कि बढ़ती महंगाई और स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती लागत के बीच इतनी कम राशि में सम्मानजनक जीवनयापन संभव नहीं है।
पेंशनर्स का कहना है कि एक बार पेंशन तय होने के बाद उसमें किसी प्रकार की नियमित वृद्धि का प्रावधान नहीं है। ऐसे में वर्षों से एक ही राशि मिलने के कारण लाखों बुजुर्ग आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार को पेंशन व्यवस्था में संशोधन कर वरिष्ठ नागरिकों को राहत देनी चाहिए।
ईपीएस-95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति ने उम्मीद जताई है कि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करेगी और पेंशनभोगियों के हित में आवश्यक निर्णय लेगी।









