वाराणसी। सावन में कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन को लेकर वाराणसी पुलिस ने कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। गुरुवार को पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने रखौना से हरहुआ तक रिंग रोड फेज-2 का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यातायात, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान रखौना अंडरपास पर संभावित जाम की स्थिति को देखते हुए वैकल्पिक यातायात मार्गों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने आवश्यकता पड़ने पर वैकल्पिक मार्गों को प्रभावी तरीके से संचालित करने के निर्देश दिए।
कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगी एक लेन
प्रयागराज से मोहनसराय और रिंग रोड पर रखौना से हरहुआ तक एक लेन पूरी तरह कांवड़ यात्रियों के लिए आरक्षित रहेगी। इस लेन में अन्य वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हर कट पर होगी विशेष सुरक्षा
कांवड़ मार्ग पर दुर्घटनाओं और अनधिकृत वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए सभी प्रमुख कटों पर जिग-जैग बैरिकेडिंग लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही अवैध कटों को तत्काल बंद कराने को कहा गया है।
पुलिस ने संवेदनशील स्थानों और निर्धारित दूरी पर पीआरवी तथा फैंटम टीमों की 24 घंटे तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल पुलिस सहायता मिल सके।
विश्राम और चिकित्सा सुविधाओं का भी निरीक्षण
अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग पर बनाए गए अस्थायी पुलिस सहायता केंद्रों, विश्राम स्थलों और चिकित्सा शिविरों का भी निरीक्षण किया। संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने और व्यवस्थाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। उन्होंने सभी अधिकारियों को लगातार फील्ड में रहकर यातायात और भीड़ प्रबंधन की निगरानी करने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था/मुख्यालय शिवहरि मीणा, अपर पुलिस आयुक्त अपराध आलोक प्रियदर्शी, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नीतू, अपर पुलिस उपायुक्त गोमती जोन नृपेन्द्र कुमार, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अंशुमान मिश्रा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।













