गंगा स्नान के दौरान बिहार के युवक की डूबने से मौत, चचेरे भाई के साथ आया था वाराणसी

वाराणसी। चौक थाना क्षेत्र के भोसले घाट पर सोमवार को गंगा स्नान के दौरान बिहार के एक युवक की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची जल पुलिस और गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद युवक का शव बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, बक्सर जिले के राजपुर निवासी कुश कुमार (24) अपने चचेरे भाई बैकुंठनाथ के साथ वाराणसी दर्शन-पूजन के लिए आया था। सोमवार को दोनों भोसले घाट पर गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से कुश गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।

गोताखोरों ने शुरू किया रेस्क्यू

कुश को डूबता देख घाट पर मौजूद गोताखोर तत्काल गंगा में उतर गए और उसकी तलाश शुरू की। सूचना मिलने के बाद जल पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। गोताखोरों और जल पुलिस ने संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया।

काफी प्रयास के बाद कुश कुमार का शव गंगा से बरामद कर लिया गया। घटना की जानकारी चौक पुलिस ने परिजनों को दे दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!