मिशन शक्ति के तहत छात्राओं को किया जागरूक, साइबर ठगी से बचने के बताए तरीके

वाराणसी। लोहता क्षेत्र के देववाणी महिला महाविद्यालय में सोमवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस टीम ने छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें महिला सुरक्षा, पुलिस सहायता और साइबर अपराध से जुड़े मामलों में सतर्क रहने के तरीके बताए।

कार्यक्रम पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के निर्देश पर आयोजित किया गया। लोहता थानाध्यक्ष दिगंबर उपाध्याय के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम ने छात्राओं को बताया कि किसी भी तरह की छेड़छाड़, उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में तुरंत पुलिस की मदद ली जा सकती है।

हेल्पलाइन और सहायता सेवाओं की दी जानकारी

पुलिसकर्मियों ने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन, मिशन शक्ति केंद्र और पुलिस की अन्य सहायता सेवाओं के बारे में जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि आपात स्थिति में समय गंवाए बिना संबंधित पुलिस सहायता प्राप्त करनी चाहिए।

ऑनलाइन गतिविधियों में सावधानी बरतने की अपील

कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों से बचाव पर भी विशेष जोर दिया गया। छात्राओं को अनजान लोगों के साथ निजी जानकारी साझा नहीं करने, संदिग्ध लिंक और मैसेज से सावधान रहने तथा ऑनलाइन धोखाधड़ी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की सलाह दी गई।

पुलिस टीम ने छात्राओं से कहा कि महिला सुरक्षा से जुड़ी किसी भी समस्या को लेकर चुप न रहें और बिना झिझक पुलिस से संपर्क करें। कार्यक्रम में कोटवा चौकी प्रभारी गौरव सिंह समेत पुलिस टीम के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!