विभाजन की पीड़ा को याद कर काशी में निकला मौन जुलूस, एकता और अखंडता का दिया संदेश

वाराणसी। विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के मौके पर शुक्रवार को वाराणसी में भाजपा महानगर और जिला इकाई की ओर से मौन जुलूस निकाला गया। जेपी मेहता इंटर कॉलेज से शुरू हुआ जुलूस सर्किट हाउस पहुंचकर समाप्त हुआ। उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने इसका नेतृत्व किया।

जुलूस में भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता हाथों में विभाजन की त्रासदी से जुड़े संदेश लिखी तख्तियां लेकर शामिल हुए। बिना नारेबाजी के निकाले गए इस जुलूस के जरिए वर्ष 1947 में हुए देश के विभाजन के दौरान जान गंवाने वाले और विस्थापित हुए लोगों को याद किया गया।

तख्तियों के जरिए दिया एकता का संदेश

कार्यक्रम के दौरान लोगों ने विभाजन के समय हुई पीड़ा और विस्थापन को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि 1947 का विभाजन देश के इतिहास की ऐसी घटना है, जिसने लाखों परिवारों का जीवन प्रभावित किया। बड़ी संख्या में लोगों को अपने घर, जमीन और संपत्ति छोड़कर दूसरे स्थानों पर जाना पड़ा।

वक्ताओं के अनुसार, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उद्देश्य उस दौर की घटनाओं को याद करने के साथ वर्तमान और आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भाव के महत्व से अवगत कराना है।

बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद

मौन जुलूस के संयोजक भाजपा महानगर महामंत्री नवीन कपूर रहे। जुलूस के दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय अध्यक्ष अशोक चौरसिया, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, विधायक सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. नीलकंठ तिवारी, अवधेश सिंह, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र राय और महापौर अशोक तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक शामिल हुए।

सर्किट हाउस पहुंचने के बाद मौन जुलूस का समापन हुआ। आयोजकों ने कहा कि विभाजन की त्रासदी को याद करना देश की एकता और सामाजिक समरसता के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करने का अवसर है।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!