काशी में गूंजा वंदे मातरम, बटुकों और स्कूली बच्चों ने निकाली तिरंगा यात्रा

वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर काशी में शुक्रवार को देशभक्ति का माहौल नजर आया। शिवपुर स्थित श्री अन्नपूर्णा ऋषिकुल ब्रह्मचर्याश्रम के बटुकों ने भारत माता के पूजन के बाद तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए निकले बटुकों के साथ स्थानीय लोग और आश्रम से जुड़े अनुयायी भी यात्रा में शामिल हुए।

यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से सराबोर हो गया। विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने भारत माता का पूजन कर तिरंगा यात्रा को रवाना किया।

देशभक्ति के संदेश के साथ निकली यात्रा

इस मौके पर विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि तिरंगा देश की एकता और अखंडता का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने और देश के स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने की अपील की।

बच्चों ने भी निकाली तिरंगा यात्रा

इसी क्रम में कैंट विधानसभा क्षेत्र में भी स्कूली बच्चों ने तिरंगा यात्रा निकाली। विधायक सौरभ श्रीवास्तव की मौजूदगी में निकली यात्रा में बड़ी संख्या में बच्चे और उनके अभिभावक शामिल हुए।

देशभक्ति गीतों के बीच हाथों में तिरंगा लेकर बच्चे उत्साह के साथ आगे बढ़े। यात्रा के दौरान राष्ट्रभक्ति से जुड़े नारों ने माहौल को और उत्साहपूर्ण बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ने लोगों को तिरंगा वितरित किया और प्रत्येक घर पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना को मजबूत करना और स्वतंत्रता दिवस के महत्व से नई पीढ़ी को जोड़ना है।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!