वाराणसी। गंगा के बढ़ते जलस्तर ने काशी में प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। सोमवार सुबह नदी का जलस्तर 65.80 मीटर दर्ज किया गया। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार पानी करीब 20 सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है। हालात को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने गंगा किनारे सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।
जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस ने गंगा में नावों के संचालन पर रोक लगा दी है। इसके साथ ही जलभराव के कारण काशी के 84 घाटों के बीच संपर्क भी प्रभावित हुआ है।
श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच बढ़ी निगरानी
नागपंचमी और सावन के तीसरे सोमवार के चलते घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस विशेष सतर्कता बरत रही है। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के लिए ड्रोन के जरिए घाटों और आसपास के इलाकों की निगरानी की जा रही है।
पुलिस और प्रशासन की टीमें भी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।
जल पुलिस और NDRF की टीमें तैनात
गंगा में बढ़ते पानी को देखते हुए जल पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बढ़ते जलस्तर को देखते हुए गंगा किनारे जाने और नदी में स्नान करने से बचें। अधिकारियों के मुताबिक जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। परिस्थितियां सुरक्षित होने के बाद ही नाव संचालन दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया जाएगा।























Leave a Reply