गश्त पर निकली पुलिस कार ट्रेलर से भिड़ी, उपनिरीक्षक की मौत, कांस्टेबल गंभीर

अयोध्या। पूराकलंदर थाना क्षेत्र में रायबरेली मार्ग पर नऊवा कुआं के पास देर रात गश्त के दौरान पुलिस की कार गिट्टी लदे ट्रेलर से टकरा गई। भीषण हादसे में उपनिरीक्षक की मौत हो गई, जबकि कार में सवार कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

अस्पताल पहुंचते ही उपनिरीक्षक ने तोड़ा दम

बताया गया कि गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों की कार की ट्रेलर से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में उपनिरीक्षक आकाश यादव (28) और कांस्टेबल प्रदीप कुमार (27) गंभीर रूप से घायल हुए। साथी पुलिसकर्मियों ने दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने आकाश यादव को मृत घोषित कर दिया।

कांस्टेबल प्रदीप कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

जौनपुर के रहने वाले थे आकाश यादव

मृतक उपनिरीक्षक आकाश यादव मूल रूप से जौनपुर जनपद के रहने वाले थे। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को कब्जे में लेकर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

घटना की खबर फैलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।

पूर्व विधायक प्रत्याशी ने जताया शोक

उपनिरीक्षक आकाश यादव के निधन पर आजाद समाज पार्टी के वरिष्ठ नेता और मिल्कीपुर के पूर्व विधायक प्रत्याशी सूरज चौधरी ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने आकाश यादव को अपना प्रिय मित्र बताते हुए उन्हें तेजतर्रार और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी बताया।

उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में शक्ति मिलने की कामना की।

ब्यूरो प्रमुख- अयोध्या

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!