वाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के अखरी चौकी अंतर्गत बच्छांव पश्चिमपुरा में गुरुवार को एक युवती का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवती 18 अगस्त से लापता थी और परिजनों ने राजातालाब थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। किराए के कमरे के बाथरूम से शव बरामद होने के बाद पुलिस ने हत्या की आशंका में जांच शुरू कर दी है।
शादी तय होने के बाद प्रेम संबंध की बात सामने आई
मृतका राजातालाब क्षेत्र के जक्खिनी चौकी अंतर्गत मरुई गांव की रहने वाली थी। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। उसके पिता जक्खिनी में रेडीमेड कपड़ों की दुकान चलाते हैं। परिजनों के अनुसार, युवती की शादी कुछ दिन पहले पड़ोसी गांव में तय हुई थी और नवंबर में विवाह होना था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवती के चोलापुर थाना क्षेत्र के नियारडीह निवासी एक युवक से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि युवक मीरजापुर के भुआलपुर स्थित अपने ननिहाल में रहकर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव का काम करता था। करीब एक महीने पहले उसने बच्छांव में किराए पर कमरा लिया था।
18 अगस्त को घर से निकली थी युवती
परिजनों के अनुसार, युवती 18 अगस्त को जगतपुर कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और राजातालाब थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश शुरू की।
इसी बीच युवक के ननिहाल से एक बैग में कमरे की चाबी मिलने की जानकारी पर परिजनों ने पुलिस को बताया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में बच्छांव स्थित किराए के कमरे को खोला गया। अंदर बाथरूम में युवती का शव पड़ा मिला।
धारदार हथियार और ईंट से हमला करने की आशंका
शव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है। प्रारंभिक जांच में धारदार हथियार और ईंट से वार किए जाने की बात सामने आई है। कमरे में बाहर से ताला लगा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात कब और किस परिस्थिति में हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा, थाना प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। फील्ड यूनिट को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए गए।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि शादी तय होने से नाराज उसके प्रेमी ने बेटी का अपहरण कर हत्या की है। हालांकि, पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्ध युवक की तलाश की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर हत्या के कारण और घटना में शामिल लोगों की स्थिति स्पष्ट होगी। इसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।























Leave a Reply