वाराणसी में बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना, 12 लाख के जेवर और कैमरा उड़ाया

वाराणसी। लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के सोएपुर स्थित ओम नगर कॉलोनी में चोरों ने एक किराए के मकान का ताला तोड़कर करीब 12 लाख रुपये के आभूषण और कैमरा चोरी कर लिया। वारदात उस समय हुई, जब मकान में रहने वाला युवक दोस्तों के साथ काशी विश्वनाथ मंदिर दर्शन के लिए गया था। देर रात लौटने पर चोरी का पता चला।

रात में घर से निकला था युवक

आजमगढ़ के जीयनपुर निवासी श्लोक तिवारी वाराणसी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। वह ओम नगर कॉलोनी में द्रौपदी सिंह के मकान में किराए पर रहते हैं।

श्लोक के अनुसार, वह रात करीब आठ बजे दोस्तों के साथ मंदिर दर्शन के लिए घर से निकले थे। करीब एक बजे वापस लौटे तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे मिले। अंदर पहुंचने पर अलमारी खुली थी और घर का सामान बिखरा पड़ा था।

जेवर और कैमरा ले गए चोर

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि चोर सैमसंग कैमरा, उनकी मां का सोने का हार, दो चेन, चार अंगूठियां, मांगटीका, दो नथुनी, दो बालियां और दो झुमके समेत चांदी की पाजेब ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई गई है।

सीसीटीवी में दिखे तीन संदिग्ध

घटना की सूचना डायल 112 पर देने के बाद पुलिस को लिखित शिकायत दी गई। जानकारी मिलते ही लालपुर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

पुलिस को पड़ोसी के मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में तीन संदिग्ध नजर आए हैं। फुटेज के आधार पर पुलिस उनकी पहचान करने के साथ ही तलाश में जुटी है।

गश्त बढ़ाने की मांग

चोरी की घटना के बाद कॉलोनी के लोगों में भी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है और चोरी की घटनाओं के कारण लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!