पटना। जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह दिल्ली से पहुंची एयर इंडिया की फ्लाइट की लैंडिंग के दौरान अचानक पक्षी टकरा गया। विमान में उस समय 164 यात्री सवार थे। घटना के बावजूद पायलट ने विमान को सुरक्षित उतार लिया और सभी यात्री सकुशल रहे।
लैंडिंग के वक्त हुई घटना
एयर इंडिया की फ्लाइट AI 1741 दिल्ली से पटना पहुंची थी। लैंडिंग के दौरान विमान के दाहिने इंजन के पास पक्षी के टकराने की जानकारी पायलट ने एयरपोर्ट अधिकारियों को दी। विमान ने करीब 7:43 बजे सुरक्षित लैंडिंग की।
घटना के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने तत्काल विमान और रनवे का निरीक्षण कराया। तकनीकी जांच में इंजन को किसी तरह की क्षति नहीं मिलने की बात सामने आई।
जांच के बाद विमान को मिली उड़ान की अनुमति
सुरक्षा मानकों के तहत आवश्यक जांच पूरी होने के बाद विमान को वापस दिल्ली जाने की अनुमति दे दी गई। हादसे में किसी यात्री के घायल होने की जानकारी नहीं है।
एक सप्ताह में दूसरी बार बर्ड हिट
पटना एयरपोर्ट पर एक सप्ताह के भीतर एयर इंडिया के विमान से पक्षी टकराने की यह दूसरी घटना बताई जा रही है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने एयरपोर्ट परिसर और आसपास पक्षियों की मौजूदगी को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर ध्यान बढ़ा दिया है।
अधिकारियों के मुताबिक मानसून के दौरान रनवे के आसपास घास और कीट-पतंगों की गतिविधियां बढ़ने से पक्षियों की आवाजाही बढ़ सकती है। ऐसे में एयरपोर्ट पर बर्ड-कंट्रोल उपायों और रनवे की निगरानी को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।























Leave a Reply