वाराणसी। समाजवादी पार्टी की ओर से अजगरा और कैंट विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित पीडीए जनपंचायत में पूर्व मंत्री एवं सपा के राष्ट्रीय सचिव रामआसरे विश्वकर्मा ने भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पिछड़े, दलित, आदिवासी और गरीब वर्गों के साथ अन्याय हो रहा है। उन्होंने कहा कि सामंती और अपराधी तत्वों के सामने सरकार की पुलिस नतमस्तक है और अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है।
अजगरा विधानसभा की जनपंचायत हरिहरपुर स्थित द वेडिंग लान और कैंट विधानसभा की जनपंचायत गोलघर स्थित पराड़कर स्मृति भवन सभागार में आयोजित हुई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
विश्वकर्मा समाज को सपा ने राजनीतिक हिस्सेदारी दी: रामआसरे
रामआसरे विश्वकर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने विश्वकर्मा समाज को राजनीतिक और सामाजिक पहचान दिलाने का काम किया। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव ने उन्हें दो बार मंत्री बनाया और विश्वकर्मा समाज को सरकार में हिस्सेदारी दी। उनके अनुसार, सपा सरकार के दौरान भगवान विश्वकर्मा की पूजा के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था, जिसे भाजपा सरकार ने समाप्त कर दिया।
उन्होंने विश्वकर्मा समाज से एकजुट होकर भाजपा सरकार को हटाने और समाजवादी पार्टी को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सपा की सरकार बनने पर समाज के सम्मान और अधिकारों को और मजबूत किया जाएगा।
महंगाई, बेरोजगारी और अपराध को लेकर सरकार पर निशाना
पूर्व मंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी और भ्रष्टाचार बढ़ा है। उन्होंने कहा कि किसान, नौजवान, पिछड़े, दलित और आदिवासी वर्ग लगातार परेशान हैं।
उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का दावा किया जाता है, लेकिन जमीनों पर कब्जे, महिलाओं के खिलाफ अपराध और हत्या जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उनका आरोप था कि भाजपा समर्थित लोगों के अत्याचार का शिकार पीडीए वर्ग हो रहा है।
पेपर लीक और आरक्षण को लेकर भी उठाए सवाल
रामआसरे विश्वकर्मा ने कहा कि सरकार नौजवानों को रोजगार देने में विफल रही है। उन्होंने पेपर लीक और परीक्षाएं रद्द होने के मुद्दे पर सरकार को घेरा। साथ ही पिछड़े और दलित वर्ग के आरक्षण में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि आरक्षित पदों पर दूसरे वर्ग के लोगों को नियुक्त किया गया।
उन्होंने कहा कि शिक्षा, आरक्षण और रोजगार पिछड़े, दलित और गरीब वर्गों का अधिकार है और समाजवादी पार्टी इन अधिकारों की लड़ाई जारी रखेगी।
संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का आह्वान
सपा नेता ने संविधान और लोकतंत्र के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने संविधान के माध्यम से सभी नागरिकों को समान मतदान का अधिकार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार संवैधानिक अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।
रामआसरे विश्वकर्मा ने कार्यकर्ताओं से संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए समाजवादी पार्टी को मजबूत करने तथा अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाने का आह्वान किया।
17 अति पिछड़ी जातियों का मुद्दा उठाया
उन्होंने निषाद, केवट, मल्लाह, बिंद, कश्यप, बियार, तुरहा, बाथम, कुम्हार, प्रजापति, भर और राजभर समेत 17 अति पिछड़ी जातियों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में इन जातियों को अनुसूचित जाति का लाभ देने के लिए शासनादेश जारी किया गया था, लेकिन भाजपा सरकार ने उसे निरस्त कर दिया।
उन्होंने अति पिछड़ी जातियों से भाजपा सरकार के खिलाफ एकजुट होने और समाजवादी पार्टी का समर्थन करने की अपील की।
अजगरा विधानसभा के कार्यक्रम की अध्यक्षता सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव ने की, जबकि संचालन विधानसभा अध्यक्ष बाबूलाल यादव ने किया। कैंट विधानसभा की जनपंचायत की अध्यक्षता पूर्व विधानसभा प्रत्याशी पूजा यादव ने की और संचालन जगदीश यादव ने किया। कार्यक्रमों में सपा के कई पदाधिकारी, नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।























Leave a Reply