बनारस–प्रयागराज रेलखंड का महाप्रबंधक ने लिया जायजा, स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और सफाई व्यवस्था की पड़ताल

वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक एवं आरडीएसओ, लखनऊ के महानिदेशक प्रभाष दनसाना ने शुक्रवार को मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन के साथ बनारस–प्रयागराज रामबाग रेलखंड का निरीक्षण किया। उन्होंने विंडो ट्रेलिंग के जरिए रेलखंड की व्यवस्थाओं को देखा और इसके बाद प्रयागराज रामबाग स्टेशन पहुंचकर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।

स्टेशन की व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा

प्रयागराज रामबाग स्टेशन के निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने यात्री प्रतीक्षालय, पैदल ऊपरीगामी पुल, आरक्षण केंद्र, आरक्षित और अनारक्षित टिकट काउंटर, प्लेटफॉर्म तथा वाटर बूथ का निरीक्षण किया।

इसके अलावा उन्होंने स्टेशन के साइनेज, दिव्यांग यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, स्टेशन पैनल और सर्कुलेटिंग एरिया की व्यवस्थाएं भी देखीं। निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।

सफाई और ड्रेनेज सुधारने पर जोर

महाप्रबंधक ने स्टेशन परिसर की साफ-सफाई और रखरखाव व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को स्टेशन पर सुविधाजनक और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

उन्होंने स्टेशन के ड्रेनेज सिस्टम में जरूरी सुधार करने पर भी विशेष जोर दिया, ताकि जल निकासी की समस्या न हो और परिसर की व्यवस्था बेहतर बनी रहे।

निरीक्षण के दौरान रेलवे मुख्यालय के प्रमुख विभागाध्यक्षों के साथ मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन, वाराणसी मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, स्टेशन पर्यवेक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!