कबीरचौरा अस्पताल की इमरजेंसी व्यवस्था पर सीएमओ की नजर, डॉक्टरों को समय पर ड्यूटी के निर्देश

वाराणसी। श्री शिव प्रसाद गुप्त मंडलीय जिला चिकित्सालय, कबीरचौरा में बुधवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनपी सिंह ने अचानक पहुंचकर अस्पताल की चिकित्सा और आकस्मिक सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने इमरजेंसी कक्ष समेत विभिन्न वार्डों में व्यवस्थाएं देखीं और भर्ती मरीजों से उपचार की स्थिति के बारे में जानकारी ली।

इमरजेंसी में मरीजों की सुविधाओं की ली जानकारी

सीएमओ ने आकस्मिक कक्ष में तैनात चिकित्सकों से बातचीत कर आपात स्थिति में पहुंचने वाले मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने दवाओं की उपलब्धता और उपचार व्यवस्था की भी समीक्षा की।

उन्होंने निर्देश दिया कि गंभीर अथवा आपात स्थिति में आने वाले मरीजों को बिना अनावश्यक देरी के उनकी स्थिति के अनुसार आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। मरीजों और उनके तीमारदारों के साथ संवेदनशील व्यवहार करने पर भी जोर दिया।

ड्यूटी में लापरवाही पर जताई सख्ती

डॉ. एनपी सिंह ने चिकित्सकों और नर्सिंग स्टाफ को निर्धारित समय पर ड्यूटी पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलना चाहिए। ड्यूटी में लापरवाही या इलाज में अनावश्यक देरी को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।

सफाई और दवाओं की उपलब्धता पर भी जोर

निरीक्षण के दौरान अस्पताल के वार्डों की साफ-सफाई, मरीजों को मिल रही सुविधाओं और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता की भी पड़ताल की गई। सीएमओ ने अस्पताल प्रशासन को व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर उपचार और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है। उपलब्ध संसाधनों का सही इस्तेमाल करते हुए मरीजों को गुणवत्तापूर्ण और मानवीय तरीके से चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

वाराणसी ब्यूरो चीफ-अमर शर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!